एसएसबी 43वीं वाहिनी के जवानों ने सोमवार की शाम एक 20 वर्षीय युवती को एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर मानव तस्करी के उद्देश्य से मुंबई ले जाते समय ककरहवा बॉर्डर पर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद दोनों को महराजगंज जनपद के कोल्हुई थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी 43वीं वाहिनी ककरहवा के कंपनी कमांडर कपिल देव को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक किसी लड़की को झूठे प्यार में फंसा कर ककरहवा बॉर्डर के रास्ते मुंबई ले जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कंपनी कमांडर ने युवक और युवती को सीमा पर रोक कर पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा। एसएसबी ने इसकी सूचना मुकामी पुलिस को दी।
ककरहवा चौकी प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि युवक की पहचान महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र के कैटवालिया पाठक निवासी शब्बीर आलम के रूप में की गई है। बताया कि वह पहले लड़की को अपने प्यार के जाल में फंसाया। शादी का झांसा देकर 10 दिन पूर्व ही लड़की को सोनौली बॉर्डर के रास्ते भगाकर लुंबिनी में अपने एक रिश्तेदार के घर पर रहा।
सोमवार की शाम वह ककरहवा बॉर्डर के रास्ते लड़की को मुंबई ले जाने की फिराक में था, लेकिन पकड़ा गया। पकड़े गए युवक व युवती को एसएसबी द्वारा सूचना पाकर पहुंची कोल्हुई पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, 43वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट अमित सिंह ने बताया कि इस समय सशस्त्र सीमा बल के जवान सीमा पर किसी तरह की मानव तस्करी को रोकने के लिए तत्पर हैं।