ककरहवा सीमा पर पकड़े गए चार बांग्लादेशी नागरिक, जांच शुरू
ककरहवा(सिद्धार्थनगर)। भारत नेपाल सीमा स्थित ककरहवा बार्डर पर रविवार को चार बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। टूरिस्ट बस की जांच में एसएसबी के जवानों ने उन्हें पकड़ा। उनसे पूछताछ की जा रही है। ककरहवा कैंप में एसएसबी, पुलिस व अन्य एजेंसियों से उनसे पूछताछ कर रही हड्डै, उनके पास टूरिस्ट वीजा भी पाया गया है।
पकड़े गए चारों बांग्लादेशी नागरिक एक माह तक दिल्ली में थे। वे टूरिस्ट वीजा पर बस से भैरहवा के रास्ते नेपाल जा रहे थे। उनके पास अमेरिकन डॉलर भी मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस मामले में अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर सीमा पर सख्त जांच के दौरान वे पकड़े गए हैं। इसके पहले बसों की फौरी तौर पर ही जांच करके आगे भेज दिया जाता था, लेकिन पीएम के कार्यक्रम से एक दिन पहले बांग्लादेशियों के पकड़े जाने से जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। कई एजेंसियां यह जानने की कोशिश में जुटी है कि वे कार्यक्रम से एक दिन पहले ही नेपाल जाने के लिए क्यों निकले थे? फिलहाल यह जांच का विषय है।