एक छत के नीचे मिलेंगे कई रोगों के विशेषज्ञ
सिद्धार्थनगर। अमर उजाला फाउंडेशन एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में डॉक्टर्स डे के मौके पर शुक्रवार सुबह 10 बजे उसका रोड स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में एक छत के नीचे कई रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को परामर्श देंगे। जरूरतमंदों की पैथोलॉजी जांच कर उन्हें दवाएं भी दी जाएंगी।
आईएमए के सचिव एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विमल द्विवेदी ने बताया कि कपिलवस्तु के विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा एवं सीएमओ डॉ. एके चौधरी बतौर अतिथि शिविर का उद्घाटन करेंगे। आईएमए गोरखपुर के पूर्व अध्यक्ष, आर्थो स्कोपी एंड ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. एससी कौशिक भी शिविर में आएंगे।
शिविर में आईएमए के अध्यक्ष व पूर्व सीएमओ डॉ. एमपी कसौधन, आर्थो सर्जन डॉ. चंद्रेश उपाध्याय, जनरल सर्जन डॉ. एसके मिश्र व डॉ. नसीम अहमद, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनीता द्विवेदी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय, ईएनटी सर्जन डॉ. एके झा एवं आयुष चिकित्सक डॉ. अरुण द्विवेदी व डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव शिविर में परामर्श देंगे। उन्होंने अपील की है कि जरूरत मरीज शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें।