बढ़नी बस तिराहे पर मंगलवार को सपा नेता निसार बागी के नेतृत्व में बौद्ध परिपथ एनएच 730 के खस्ताहाली के विरोध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का पुतला फूंका।
प्रदर्शन करते हुए केन्द्रीय मंत्री के खिलाफ नारे लगाए। यहां हुई सभा में निसार बागी ने कहा तीन माह पहले हमने इसी तिराहे पर जाम लगाकर सड़क बनाने की मांग की थी, तब एसडीएम ने स्वयं आकर मांग पत्र को केन्द्र सरकार तक पहुंचाने का वादा किया था।
आज तक स्थिति नहीं सुधरी है। सांसद व उनके प्रतिनिधि सड़क बनवाने की केवल बयानबाजी करते हैं। इस महत्वपूर्ण सड़क से जापान, श्रीलंका, भूटान, इंडोनेशिया आदि देशों के बौद्धिष्ठ कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु आकर तथागत का दर्शन करने जाते हैं।
सड़क पर हम सभी का जहां चलना दुश्वार है, वहीं बौद्धिष्ठ देशों में यहां की छवि खराब हो रही है। कहा कि एक माह के अंदर बढनी-ढेवरुआ-नौगढ मार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो जिलाधिकारी कार्यालय पर आमरण अनशन को बाध्य होंगे। पुतला दहन में मनोज यादव, सत्यानन्द सिंह, मतीबुल पठान, इसराइल, दिलीप यादव, सुल्तान अहमद, फारूक राइनी, मोहम्मद इब्राहीम, जुबेर इद्रीशी आदि शामिल रहे।