किस भवन में निर्वाचन के बैठक में निर्देश देते एडीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत बढ़े नए मतदेय स्थलों को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में हुई। अपर जिलाधिकारी पीके जैन में हुई बैठक में नए मतदेय स्थलों को लेकर आपत्ति व सुझाव लिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील शोहरतगढ़ में कुल 10 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 8 मतदेय स्थल बनाया गया है। शेष 2 मतदेय स्थल आयोग के निर्देशानुसार उसी केंद्र पर स्थापित मतदेय स्थल में समायोजित कर दिया गया है।
तहसील नौगढ़ में कुल 12 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 11, बांसी में 12 सापेक्ष 11, तहसील इटवा में 13 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 9 व डुमरियागंज में 16 मतदेय स्थलों के स्थान पर कुल 12 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस प्रक्रिया के बाद शोहरतगढ़ में कुल मतदेय स्थलों की संख्या 361 हो गई है।
कपिलवस्तु में 452, बांसी में 390, इटवा में 341 और डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र में 416 मतदेय स्थल हो गए हैं। इस संबन्ध में आपत्ति या सुझाव 1 जुलाई तक जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करा दें।
आपत्तियों व सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को 8 जुलाई तक अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में एसडीएम नौगढ़ योगानंद पांडेय, विनय कुमार पाठक, सुरेंद्र मिश्र, ओमप्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शिवमूरत लाल श्रीवास्तव, तहसीलदार इटवा सहित प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।