बांसी तहसील दिवस में फरियाद सुनते तहसीलदार शेखर शुक्ल।
बांसी। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को 75 वर्षीय बुजुर्ग अकालू नवीन परती की सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार को प्रार्थना पत्र देकर सरकारी जमीन से कब्जा हटवाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खेसरहा थाना क्षेत्र के टिकुइया गांव निवासी अकालू ने बताया कि गांव में गाटा संख्या 124 खतौनी में नवीन परती के रूप में सरकारी भूमि दर्ज है। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने इस जमीन पर झोपड़ी रखकर कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर आरोपी मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। अकालू ने आरोप लगाया कि विपक्षी जगबली ने सार्वजनिक रास्ते पर भी कब्जा कर लिया है।
इससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। आरोप है कि रास्ते पर पूर्व में बिछाए गए सरकारी खड़ंजे को भी उखाड़ दिया गया। बुजुर्ग ने जांच कराकर रास्ता और सरकारी भूमि कब्जामुक्त कराने की मांग की।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता तहसीलदार शेखर शुक्ल ने की। कुल 29 मामले प्रस्तुत किए गए, जिनमें चार प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। चेतिया निवासी राम प्रसाद ने आधार कार्ड बनवाने में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की शिकायत की। वहीं गजहड़ा और पिपरा शुक्ल के ग्रामीणों ने नाम दुरुस्त कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया।
इस दौरान नायब तहसीलदार महमूद आलम, महबूब अंसारी, सीपी श्रीवास्तव, बीडीओ बांसी कृतिका अवस्थी, खेसरहा बीडीओ विजय सिंह, जिला पंचायत से अनिल कुमार चौधरी, नलकूप विभाग के जेई राजेंद्र प्रसाद यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।