तहसील प्रशासन के खिलाफ हियुवा ने दिया धरना
शोहरतगढ़ में अधिकारियों के खिलाफ धरना देकर विरोध जताया
हियुवा नेता सुभाष ने भी पहुंचकर अधिकारियों को दी चेतावनी
तीन घंटे बाद एसडीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त किया
अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। सूबे में योगी आदित्यनाथ की सरकार में भाजपा व हियुवा कार्यकर्ता तहसील स्तरीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली से परेशान हियुवा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को हियुवा के ब्लॉक प्रभारी विशुनदेव तिवारी की अगुवाई में तहसील में धरने पर बैठ गए। तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर जमकर हंगामा किया। योगी सरकार ने अधिकारियों की तानाशाही नहीं चलेगी, तहसील में अधिकारी भ्रष्टाचार बंद करें, एसडीएम, तहसीलदार मुर्दाबाद आदि नारा लगाते हुए विरोध जताया। इस बीच धरने में पहुंचे हिंदू युवा वाहिनी देवी पाटन मंडल प्रभारी ने भी तहसील के अधिकारियों को जनता की समस्या का समय से निस्तारण करने के लिए चेताया। हियुवा नेता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में सभी पीड़ित व्यक्तियों को बिना भेदभाव के न्याय दिलाना हमारा दायित्व है। अधिकारी किसी के भी दबाव में आकर गलत कार्य न करें। अन्यथा इसका अंजाम भुगतने के लिए दोषी अधिकारी तैयार रहें। अपनी जनता को इंसाफ दिलाने के लिए मैं अपनी ही सरकार में जेल जाने के लिए भी तैयार हूं। इस दौरान हियुवा कार्यकर्ताओं ने एक व्यक्ति को पकड़ कर पीड़ित जनता से दलाली करने का आरोप लगाते हुए कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान तहसील में काश्तकारों की काफी भीड़ मौके पर जमा हो गई और सभी ने एक स्वर में तहसील प्रशासन की भ्रष्ट कार्यप्रणाली का विरोध किया। इस दौरान नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय ने पहुंचकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। करीब तीन घंटे बाद तहसील में पहुंचे एसडीएम ने हियुवा नेता से वार्ता कर लोगों की समस्या का निराकरण करने को कहा और लोगों के द्वारा पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस की कस्टडी में सौंप दिया। इस दौरान सभासद संजीव जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष संजय कसौधन, सौरभ गुप्ता, ठेकेदार ओमकार नाथ पांडेय, मनोज तिवारी, सोनू निगम, महेश कसौधन, संजय राजभर, विष्णुदयाल चौरसिया, अनिल अग्रहरि, सुनील अग्रहरि, संतोष गुप्ता, चंद्रशेखर, जयराम चौरसिया आदि मौजूद रहे।
समस्या को लेकर एसडीएम से वार्ता की गई
दो महीने से परेशान मड़वा गांव निवासी परागराम यादव के रास्ते के इंटरलॉकिंग कार्य को कराने, दो साल से परेशान बैजनाथ निवासी बलिराम को भूमि पर कब्जा दिलाने, डोहरिया गांव निवासी रामसेवक की जमीन को कब्जा मुक्त कराने, कस्बा निवासी राजेश सोनकर की जमीन की पैमाइश, परसोहिया नानकार निवासी महफूज अहमद द्वारा शिकायत पत्र के निस्तारण की समस्या को लेकर हियुवा नेता ने एसडीएम से सवाल किया। इस पर एसडीएम अनिल कुमार ने दस दिन में मामले का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों की समस्याओं का नियमानुसार निस्तारण कर दिया गया है। तहसील में पकड़े गए व्यक्ति को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। प्रकरण की जांच के लिए तहसीलदार को निर्देश दिया गया है। तहसीलदार की जांच रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अनिल कुमार एसडीएम, शोहरतगढ़