बढ़नी। एसएसबी 50वीं वाहिनी और बढ़नी पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को मधवानगर मार्ग पर एक युवक को 7.90 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे ढेबरुआ थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में मुख्य सप्लायर की तलाश कर रही है।
एसएसबी 50वीं वाहिनी से मिली जानकारी के अनुसार, बढ़नी के स्पेशल नाका दल ने रविवार को सीमा स्तंभ संख्या 568 से करीब एक किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रखी थी। इसी दौरान एनएच-730 से सटे मधवानगर जाने वाले रास्ते पर राप्ती नहर के पास पूर्व में मिली जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.90 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम माधवनगर निवासी गुड्डू चौहान के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह बलरामपुर जिले के हसुवाडोल गांव निवासी श्याम सुंदर उर्फ दद्दू से दो हजार रुपये प्रति ग्राम की दर से स्मैक खरीदता था। इसके बाद क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाता था।
नाका पार्टी कमांडर ने जब्ती सूची तैयार कर आरोपी और बरामद स्मैक को अग्रिम कार्रवाई के लिए ढेबरुआ थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।