बढ़नी एसएसबी की गिरफत में आरोपी। स्रोत एसएसबी
- एसएसबी की विशेष नाका पार्टी ने गोपनीय सूचना पर बढ़नी क्षेत्र में की कार्रवाई
बढ़नी। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 50वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सी कंपनी बढ़नी ने 10.18 ग्राम स्मैक के साथ बढ़नी निवासी आशीष कुमार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी और बरामद मादक पदार्थ को थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसएसबी के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे सी कंपनी बढ़नी के कंपनी प्रभारी सहायक सेनानायक दीपक चंद को सूचना मिली कि एक युवक बलरामपुर से ग्राम सेवरा की ओर संदिग्ध मादक पदार्थ लेकर आ रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए उपनिरीक्षक चूरामणि के नेतृत्व में विशेष नाका पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर भेजी गई।
कुछ देर बाद काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम आशीष कुमार पुत्र पशुपति, निवासी ग्राम सेवरा बढ़नी जनपद सिद्धार्थनगर बताया। पूछताछ के दौरान उसने अपने पास स्मैक होने की बात स्वीकार की।
इसी दौरान कंपनी प्रभारी दीपक चंद भी मौके पर पहुंच गए। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 10.18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एसएसबी ने आरोपी, बरामद स्मैक और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद अभियुक्त और बरामद सामान को थाना ढेबरुआ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसबी के अनुसार यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा के सीमा स्तंभ संख्या 569 से लगभग 3.5 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में की गई।