- खेसरहा ब्लॉक परिसर में 29 सितंबर से दो अक्तूबर तक चल रहा कार्यक्रम
बांसी। प्रदेश सरकार की ओर से जनहित में संचालित कार्यक्रमों के क्रम में खेसरहा ब्लॉक परिसर में 29 सितंबर से दो अक्तूबर तक विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। मंगलवार को प्रदेश उपभोक्ता संघ के डायरेक्टर दिलीप चतुर्वेदी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि केशभान राय और खंड विकास अधिकारी विजय सिंह ने स्टॉलों का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।
दोपहर करीब 12 बजे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पशुपालन, खाद्य एवं रसद, बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, श्रम, लघु सिंचाई और एसबीआई समेत विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर जानकारी ली। स्टॉल पर मौजूद कर्मचारियों ने संबंधित विभाग की योजनाओं और सेवाओं के बारे में बताया।
दिलीप चतुर्वेदी ने पशुपालन, खरपतवार नाशक दवाओं और शिक्षा विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
केशभान राय ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी नए स्वरूप में उपलब्ध होने लगी हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान प्रधान शिवेंद्र द्विवेदी, डॉ. केपी यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।