ढेबरूआ। वीडियो और रील बनाने के लिए नेपाल जा रहे दो किशोर और एक किशोरी को एसएसबी ने पकड़ा है। एसएससी 50वीं वाहिनी के बढ़नी बीओपी के जवानों ने रविवार की मानव तस्करी के संदेह में उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद एएचटीयू को सुपुर्द कर दिया। जांच में पाया गया तीनों नाबालिग हैं। इसमें किशोर गोंडा जनपद के रहने वाले हैं जबकि किशोरी बिहार राज्य की निवासी है।
एसएसबी 50वीं वाहिनी से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लगभग पौने नौ बजे एसएसबी 50वीं वाहिनी के बढ़नी बीओपी के जवानों को मुखबिरों से सूचना मिली कि बढ़नी रेलवे स्टेशन से तीन नाबालिग, जिसमें दो किशोर व एक किशोरी हैं, नेपाल सीमा की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसबी के जवानों ने तीनों को रोककर पूछताछ की तो पता चला कि किशोर गोंडा और किशोरी बिहार की रहने वाली है।
नेपाल के जाने के पीछे कारण पूछने पर किशोरी ने बताया कि वह दोनों किशोरों को बुलाकर नेपाल में सोशल मीडिया पर अपलोड करने के लिए वीडियो रिकार्डिंग करने के लिए जा रहे थे। तीनों के नाबालिग होने की वजह से मानव तस्करी की आशंका में उन्हें रोक लिया गया।
एसएसबी के बीओपी प्रभारी ने इसकी सूचना एएचटीयू एसएसबी 66वीं वाहिनी और एएचटीयू उप्र पुलिस को दिया। एसएसबी के जवानों ने तीनों को पूछताछ के बाद एएचटीयू को सौंप दिया।
एसएसबी टीम में उपनिरीक्षक नेहा, दीप गोसाई, अमर सिंह यादव, पंकज कुमार, अमित कुमार, माही, पूजा आदि मौजूद रही।