- पथरा थाना क्षेत्र के पाला गांव का मामला
पथरा। थाना क्षेत्र के पाला गांव में सोमवार सुबह लौकी के पौधे उखाड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके मामले की जांच शुरु कर दी है।
क्षेत्र के पाला निवासी राहुल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि न्यायालय के आदेश से मिली जमीन पर वह सब्जी की खेती कर रहे हैं। सोमवार सुबह करीब सात बजे खेत पहुंचे तो कई लौकी के पौधे उखड़े मिले। इसका उलाहना देने वह अपने पाटीदार विभूति के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां विभूति और उनके परिजन ने गाली-गलौज करते हुए राहुल की पिटाई कर दी। शोर सुनकर भाई रोहित और पत्नी सुमित्रा बचाने पहुंचे तो उन्हें भी लाठी-डंडे से पीट दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी तिलौली भेजा। राहुल की तहरीर पर पुलिस ने विभूति, उनकी पत्नी सुनीता, पुत्र विशाल और बहू पुष्पा के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष जनार्दन ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मारपीट सहित सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच की जा रही है।