-नेपाल के पाल्पा जिले में पुलिस ने 753 बोतल शराब के साथ लखनऊ के दो युवकों को पकड़ा, सात लाख से अधिक बताई जा रही है कीमत
खुनुवां। नेपाल के पाल्पा जिले में पुलिस ने भारत से अवैध रूप से ले जाई जा रही सात लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब के साथ दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कार और 753 बोतल शराब बरामद की है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
पाल्पा पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे तिनाउ गांवपालिका नंबर तीन स्थित पैठेडांडा चेकपोस्ट पर नियमित जांच अभियान के दौरान लखनऊ की नंबर प्लेट लगी कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से बड़ी मात्रा में अवैध भारतीय विदेशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भारत के लखनऊ निवासी एमा मोदिन और शिवनाथ मौर्य के रूप में हुई है। दोनों गोरखपुर के रास्ते पोखरा जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक कार से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत सात लाख 51 हजार 200 रुपये आंकी गई है। बरामद शराब, कार और दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए दोभान पुलिस चौकी के नियंत्रण में रखा गया है। पाल्पा पुलिस के सूचना अधिकारी भीमलाल भट्टराई ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।