सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी अब सफलता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। ऐसे में पिछले 10 वर्षों का रिकाॅर्ड तोड़ते हुए रिजवान ने बस्ती मंडल की टीम में जगह बनाने में कामयाबी पाई।
अब नेशनल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। वहीं अंश प्रताप सिंह ने स्पोर्ट्स हॉस्टल में जगह बनाने में कामयाबी पाई है।
स्टेडियम में तीन वर्ष पूर्व फुटबॉल को राजलक्ष्मी चौधरी ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना शुरू किया। इस प्रशिक्षण से धीरे-धीरे स्टेडियम में खिलाड़ी भी आने लगे। कोच की कड़ी मेहनत के बाद जिले में टीम बनी, जिससे वर्तमान समय में 40 खिलाड़ी स्टेडियम में फुटबॉल का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के साथ अब राजलक्ष्मी उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार कर रही हैं। कोच राजलक्ष्मी चौधरी ने बताया कि स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी अंश प्रताप सिंह का ट्रायल के आधार पर छात्रावास के लिए चयन हुआ।
वहीं, पिछले तीन वर्षों के प्रशिक्षण के दम पर रिजवान का बस्ती मंडल की टीम में राज्य स्तर पर चयन हुआ, जिससे रिजवान को नेशनल खेलने का मौका मिलेगा। यह उपलब्धी पिछले 10 वर्ष में पहली बार मिली है।