बांसी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। 28 अक्तूबर तक चलने वाले इस पर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रविवार को खरना है। इस दिन छठ व्रती पूरी निष्ठा से छठी मइया को खीर का प्रसाद बनाकर भोग लगाएंगी।
विज्ञापन
खरना का यह प्रसाद घर-परिवार और पास-पड़ोस में जनमानस को ग्रहण कराने का विधान है। ऐसी मान्यता है कि खरना का प्रसाद ग्रहण करने से जीवन के सारे दुख दूर होते हैं। छठी मईया व्रती की सारी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। 27 अक्टूबर सोमवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पण किया जाएगा। डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ व्रती अपने परिवार की सुख-समृद्धि और संतति वृद्धि की कामना करेंगी। ऐसी मान्यता है कि ढलते सूरज को जल चढ़ाने से भगवान दिनकर छठ व्रती को भर-भरकर आशीष देते हैं।