सिद्धार्थनगर/भनवापुर। जिले के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें इलाज के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। बदलते मौसम में गले में संक्रमण के साथ सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या ज्यादा रही। भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के पीएचसी तरहर, बिजौरा व सोहना में रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में खांसी व गले में खराश, एसिडिटी, फंगल इंफेक्शन, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 113 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया तथा सीने में दर्द व हड्डी से संबंधित मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए संदर्भित किया गया।
पीएचसी तरहर में डॉ. आशीष सत्यार्थी ने 43 मरीज, पीएचसी बिजौरा में डॉ. ईशदेव आर्य ने 27 मरीजों व पीएचसी सोहना में डॉ. हनुमंत लाल मिश्रा तथा पीएन तिवारी की ओर से कुल 43 मरीजों को इलाज कर निशुल्क दवाएं दी गईं। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि वर्तमान समय में मौसम परिवर्तन के कारण विशेष रूप से बच्चों में वायरल फीवर, निमोनिया, डायरिया, खांसी और गले में खराश आदि होने की संभावना बढ़ जाती है। इससे बचाने के लिए बच्चों को शुरुआती ठंडक से बचाए तथा वूलन के कपड़ों इस्तेमाल करना शुरू कर दें। बताया कि वर्तमान समय में डायरिया, निमोनिया व दिमागी बुखार से बचाव के लिए एएनएम के पास निशुल्क में वैक्सीन उपलब्ध होती है।एक साल तक के बच्चों को वैक्सीन का लाभ जरूर दिलवाएं।
इस दौरान पीएन तिवारी, कौस्तुभ तिवारी, अंबुज श्रीवास्तव, अजय पांडेय, प्रिंस पांडेय, अमित तिवारी आदि मौजूद रहे।
बढ़नी में इलाज के लिए पहुंचे 62 मरीज: ढेबरुआ। बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले भुतहवा, अकरहरा और मोहनकोला स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में रविवार को 62 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। चिकित्सकों ने उनकी जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। इनमें वायरल बुखार, चेचक, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और चक्कर आने जैसी समस्याओं से जूझ रहे मरीज अधिक संख्या में थे। बढ़नी पीएचसी के अधीक्षक अविनाश चौधरी ने बताया कि आरोग्य मेलों में आए हुए सभी मरीजों की चिकित्सकों की ओर से गहन जांच की गई है और उन्हें उचित उपचार प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस तरह के आरोग्य मेले इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वायरल फीवर के फिर बढ़ने लगे मरीज : डुमरियागंज। नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें उपचार के लिए आए 11 मरीजों में से नौ मरीज वायरल फीवर और जुकाम से पीड़ित रहे। इनकी चिकित्सकों ने जांच कर दवाएं दीं। मरीजों में सर्दी, खांसी और बुखार, पेट दर्द के रोग के मरीज शामिल रहे। इस दौरान डाॅ. बीके सिंह, डाॅ. राम किशोर प्रजापति, पवन श्रीवास्तव, एएनएम श्वेता, सरिता मौजूद रहीं।