मौत की सूचना पर सीएचसी इटवा में पहुंचे मृतक के परिजन व गांव के लोग। संवाद
- नगर में सीडीओ आवास के सामने हुआ हादसा, महराजगंज की रहने वाली मासूम आई थी पिता के साथ में
सिद्धार्थनगर। नगर के उसका-बर्डपुर मार्ग पर सीडीओ आवास के सामने एक तीन वर्षीय बालिका को बोलेरो ने कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि वह अपने पिता के साथ मोबाइल बनवाने के लिए आई थी।
जानकारी के अनुसार महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ गांव निवासी कमलेश रविवार को सिद्धार्थनगर जिला मुख्यालय पर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि शहर में उसका-बर्डपुर मार्ग को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर किसी दुकान पर मोबाइल बनवा रहा था। बेटी को लेकर वह आगे बढ़ा। रास्ते में एक बोलेरो सवार गाड़ी को बैक कर रहा था। इसी बीच तीन वर्षीय अंकिता गाड़ी की चपेट में आकर घायल हो गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही उसे मेडिकल काॅलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में शहर कोतवाल नवीन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।