बैदौलागढ़ में मेडिकल एजेंसी के सामने हादसा, एक घायल को बस्ती रेफर किया
भवानीगंज। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौलागढ़ में बुधवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेंवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को बस्ती रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, डुमरियागंज थाना क्षेत्र के माली महीना गांव निवासी राजेश यादव (30) दो दिन पहले किसी काम से गोरखपुर गए थे। बुधवार दोपहर करीब दो बजे लौट रहे थे। बैदौलागढ़ स्थित सुषमा मेडिकल एजेंसी के सामने पहुंचे थे कि इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर बेंवा निवासी अमर (19) और प्रदीप गौतम (21) सवार थे। दोनों बैदौला स्थित रॉयल एनफील्ड एजेंसी में कार्यरत हैं और खाने-पीने का सामान लेकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी बेंवा भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राजेश यादव के पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने पर उन्हें कैली अस्पताल, बस्ती रेफर कर दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार सीएचसी में चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।