- जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सजनी गांव के टोला नंदाडीह की घटना, महिला की हालत गंभीर
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सजनी गांव के टोला नंदाडीह में शुक्रवार रात चोरों ने कई घरों को निशाना बनाया। एक घर की दीवार में सेंध लगाकर चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी उठा ले गए। दूसरे घर से भी सामान चोरी कर लिया। वहीं, एक घर में जाग हो जाने पर चोरों ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की आंख के पास गंभीर चोट आई है। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नंदाडीह निवासी रामचंद्र की पत्नी उर्मिला शुक्रवार रात अपने बच्चों के साथ घर के बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुस गए। चोर बाक्स में रखे सोने का झाला, नथिया और चांदी की पायल के साथ 10 हजार रुपये नकद उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
उर्मिला ने बताया कि उन्होंने बकरी बेचकर 10 हजार रुपये रखे थे, जिन्हें भी चोर ले गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले हरिश्चंद्र के घर को निशाना बनाया। वहां बरामदे में रखी साइकिल और बाक्स में रखा सोने का कान का फूल चोरी कर लिया।
इसके बाद चोर रामकरन के घर में घुसने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनकी पत्नी सावित्री की नींद खुल गई। विरोध करने पर चोरों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू आंख के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन सावित्री को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में जोगिया थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।