इटवा। इटवा कस्बे के मुख्य चौराहे पर बृहस्पतिवार को एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर चोरी करने के दौरान चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। फुटेज की मदद से लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक कस्बे में एक व्यक्ति ज्वेलरी की दुकान पर आभूषण खरीदने आया और दुकानदार से जेवर दिखाने को कहा। दुकानदार उसे जेवर दिखा ही रहा था कि इसी दौरान ग्राहक ने सोने की बाली को अपने कपड़े में छिपा लिया, जिसे दुकानदार ने उसके जाने के बाद सीसीटीवी कैमरे से देख लिया।
चोरी की जानकारी मिलते ही दुकानदार अपने अन्य साथियों के साथ उसे ढूंढ़ने लगा। इस बात की भनक लगने पर चोर ने एक मिठाई की दुकान के बगल में रखी गिट्टी में चोरी किए जेवर को छिपा दिया। इसे छिपाते हुए सीसीटीवी कैमरे में लोगों ने देखकर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। चोरी किए जेवर की कीमत लगभग 20 हजार रुपये की बताई जा रही है।
एसओ श्याम सुंदर तिवारी ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।