सिद्धार्थनगर। पिछले कई दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच रविवार को धूप खिली, लेकिन इसके तेवर लोगों को राहत नहीं दे सके।दोपहर से शाम तक धूप खिली रही, लेकिन पछुआ चलने की वजह से गलन बरकरार रही। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में पांच डिग्री का उछाल भी देखने को मिला।
शनिवार को शाम में कुछ समय में के लिए खिली धूप से अंधेरा होते ही शहर सहित समूचे जिले को कोहरे ने आगोश में ले लिया। आलम यह रहा कि रात में दृश्यता 10 मीटर से भी कम रही, जिससे वाहन रेंगते हुए नजर आए।
रविवार सुबह करीब 11 बजे के बाद सूर्य दिखाई दिए। करीब 12 बजे से तेज धूप भी खिल गई, जिसकी चमक चार बजते तक रही। लेकिन इसका लाभ उन्हें ही मिला जो बंद स्थान पर धूप सेंक रहे थे। खुले स्थान व वाहन चालकाें को इसका कोई लाभ नहीं मिला। पछुआ ने तेज धूप में भी लोगों को ठंड का अहसास कराया।