- एनसीईआरटी ने फ्री कोर्स की दी सुविधा, 11वीं और 12वीं के छात्रों को मिलेगी सहूलियत
- 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को मिलेगा सर्टिफिकेट
सिद्धार्थनगर। बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को अब और भी सहूलियत मिलेगी। एनसीईआरटी कोर्स के छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोर्स का संचालन किया गया है। इस सुविधा का लाभ विद्यार्थी स्वयं पोर्टल के माध्यम से ले पाएंगे।
एनसीईआरटी ने 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोर्स लांच किए हैं। ये कोर्स स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। कोर्स पूरा करने और परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्रों को सर्टिफिकेट भी मिलेगा। इसके लिए एनसीईआरटी के समर्थ पोर्टल पर 22 सितंबर से आवेदन शुरू होंगे। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां अब छात्र-छात्राओं ने शुरू कर दी हैं। कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों के लिए कई फ्री कोर्स उपलब्ध कराए हैं। ये कोर्स बोर्ड एग्जाम की तैयारी को आसान बनाने के लिए बनाया गया है। छात्र इन कोर्स का लाभ बिना किसी शुल्क के ले सकते हैं और अंत में सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर पाएंगे।
एनसीईआरटी ने इन कोर्स को छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बनाया है। इसमें कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए अर्थशास्त्र, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, भूगोल, गणित, अंग्रेजी जैसे विषयों के कोर्स उपलब्ध हैं। कक्षा 11वीं के छात्रों के लिए भी कोर्स उपलब्ध हैं। आवेदन की प्रक्रिया 22 सितंबर से शुरू होगी और यह 20 फरवरी 2026 तक चलेगी। परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों को सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।