सिद्धार्थनगर। नौगढ़ ब्लॉक के बर्डपुर नंबर 12 स्थित कंपोजिट विद्यालय लमतिहवा में मिड-डे मील वितरण के दौरान गर्म दाल गिरने से झुलसे छह बच्चों में इलाजरत छात्र भी स्वस्थ होकर घर लौट गया है। अब इस मामले में शिक्षा विभाग की नजर जांच रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट मिलने के बाद यह तय किया जाएगा कि इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय में मिड-डे मील के तहत तैयार गर्म दाल का भगौना बच्चों में वितरण के लिए नीचे रखा जा रहा था। इसी दौरान रसोइया का पैर फिसल गया और भगौना हाथ से छूटकर कतार में खड़े बच्चों पर गिर गया। हादसे में छह बच्चे झुलस गए थे। घटना में सदर थाना क्षेत्र के लमतिहवा निवासी कक्षा तीन के छात्र सिद्धार्थ (9) पुत्र संदीप, अंशिका (8), अरुण (8), दुपछोरजोत निवासी प्रवेश (9) पुत्र रामजस तथा चिल्हिया थाना क्षेत्र के अमारी गांव निवासी गुड्डू (7) पुत्र दशरथ और सत्यप्रकाश (8) पुत्र जगदीश झुलस गए थे। सभी बच्चों के हाथ और पैर गर्म दाल की चपेट में आ गए थे।
विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने तत्काल सभी बच्चों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अंशिका, अरुण, प्रवेश, गुड्डू और सत्यप्रकाश को उसी दिन घर भेज दिया गया था, जबकि गंभीर रूप से झुलसे सिद्धार्थ का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।