सिद्धार्थनगर। एसएसबी कपसीहवा की टीम ने नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति को दो बोरी यूरिया के साथ दबोच लिया। आरोपी खाद को बिना वैध दस्तावेज के नेपाल ले जाने का प्रयास कर रहा था। एसएसबी ने उसे बाइक समेत बढ़नी कस्टम के सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, सीमा चौकी कपसीहवा की विशेष नाका पार्टी सीमा स्तंभ संख्या-559 के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान जवानों ने एक संदिग्ध बाइक सवार नेपाल की ओर जाते देखा। रोकने का इशारा करने पर वह घबराकर बाइक मोड़ते हुए नेपाल की ओर भागने लगा।
जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक गुप्ता, निवासी अलगी, थाना हरदौना, कपिलवस्तु (नेपाल) बताया। तलाशी के दौरान बाइक पर लदा दो बोरी यूरिया बरामद हुआ लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एसएसबी ने बरामद यूरिया और बाइक को जब्त करते हुए आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए बढ़नी कस्टम के हवाले कर दिया।