डुमरियागंज में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते डीएम डाॅ. राजा गणपति आ
डुमरियागंज। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम डॉ. राजागणपति आर ने सुनवाई की। इसमें डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम हल्लौर निवासी मोहम्मद नासिर ने शिकायती पत्र देकर अपनी पीड़ा सुनाई।
नासिर ने आरोप लगाया कि ग्राम भंटगवा के एक जमीन कारोबारी ने तहसीलकर्मियों से साठगांठ के जरिये उसकी पुश्तैनी जमीन की खतौनी में मूल खातेदार मृतक जाफरी बीबी व अली हैदर का नाम कटवाकर अपना नाम दर्ज करवा लिया। पीड़ित जब अपना नाम बतौर वारिसान पता करने के लिए खतौनी की नकल निकलवाई तो इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। पीड़ित मोहम्मद नासिर और मोहम्मद हैदर ने डीएम से मामले की जांच करवाकर दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और खतौनी में फर्जी तरीके से दर्ज नाम हटवाकर उन लोगों का नाम दर्ज करवाने की मांग की। इस पर डीएम ने तहसीलदार से पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम डाॅ. राजागपति आर की अध्यक्षता एवं एसपी डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में आयोजित समाधान दिवस में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। इसमें मौके पर राजस्व के सात मामलों का निस्तारण करा दिया गया। प्राप्त शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को तीन दिवस के अंदर शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, एसडीएम राजेश कुमार, एएसपी प्रशांत कुमार, सीएमओ डाॅ. रजत कुमार पटेल, डीडीओ सतीश सिंह, सीओ बृजेश कुमार वर्मा मौजूद रहे।
-
अवैध निर्माण रोकने की मांग
समाधान दिवस में डुमरियागज तहसील क्षेत्र के ग्राम चौखड़ा निवासी संजय त्रिपाठी ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके गांव निवासी एक महिला को गांव में भूमि का पट्टा आवंटित हुआ था। लेकिन वह दूसरी भूमि पर मकान निर्माण करवा रही है। इसकी जांच लेखपाल से कराकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने की मांग की। शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए मामले में तहसीलदार से जांच कर अवैध निर्माण को रोकने के निर्देश दिए।