सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित सात एक्स-रे टेक्निशियन और छह होम्योपैथिक फार्मासिस्ट को शुक्रवार को नियुक्तिपत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आंबेडकर सभागार में किया गया। इसके बाद जनपद स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, विधायक शोहरतगढ़ विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।
विधायक श्यामधनी राही ने नियुक्तिपत्र पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने मिशन रोजगार समेत सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
विधायक विनय वर्मा ने अभ्यर्थियों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि नवनियुक्त अभ्यर्थी जहां भी तैनात हों, पूरी जिम्मेदारी से सेवाएं दें और जिले का नाम रोशन करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारियों के कार्यभार संभालने से स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।