बांसी। गोवध व तस्करी के मामले में वांछित आरोपी इरशाद को पुलिस ने रविवार को बेलउख गांव के पास से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चाकू बरामद होने पर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसओ खेसरहा अनूप कुमार मिश्र के अनुसार शनिवार को पुलिस को कुछ व्यक्ति गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना पर संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक गो-तस्कर फिरोज अहमद निवासी देवरी टोला टेढ़िया थाना खेसरहा के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे मौके से दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दो अन्य साथ मौके से भाग निकले।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ में उसने साथियों का नाम इरशाद निवासी ग्राम देवरी टोला टेडिया थाना खेसरहा, नान्हू निवासी मदाइन थाना दुधारा जनपद संतकबीरनगर बताया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। गोवध निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस टीम उनकी तलाश में लगी थी। इसी बीत मामले में वांछित इरशाद, निवासी देवरी टोला टेढ़िया, थाना खेसरहा को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बेलउख के पास से दबोच लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में चाकू भी बरामद हुआ। वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसआई रामदरश यादव, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल सर्वेश यादव और कांस्टेबल सोनदेव भी शामिल रहे।