नौतनवा। स्थानीय कस्बे के बहादुरशाह नगर वार्ड निवासी एक महिला को उसके ही पति द्वारा मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता जितेंद्र पांडेय ने नौतनवा थाने में तहरीर देकर दामाद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोनौली थाना क्षेत्र के पहुनी निवासी जितेंद्र पांडेय ने बताया कि वर्ष 2019 में उन्होंने अपनी बेटी पूजा पांडेय का नौतनवा के बहादुरशाह नगर वार्ड निवासी विजय तिवारी के साथ विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता रहता है। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दामाद ने बेटी को पीटकर लहूलुहान कर दिया।
आनन-फानन में उसे कस्बे के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं घटना के बाद से ही आरोपित दामाद घर से फरार है। वहीं इस बाबत थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आरोपित के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।