बांसी। सिद्धार्थनगर जिले में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के परियोजना निदेशक आशीष शर्मा और एसडीएम बांसी विश्वमित्र सिंह ने बांसी तहसील में स्थापित बाढ़ शरणालय, स्कूलों और राहत तैयारियों का जायजा लिया। बचाव टीमों की तैनाती को लेकर परियोजना निदेशक आशीष शर्मा ने बताया कि बांसी में पीएसी और एसडीआरएफ की दो टीमें स्थाई रूप से तैनात कर दी गई हैं। जवान पर्याप्त संसाधनों के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
अस्थायी राहत शिविर व ट्रेनिंग
सूपा हाट बाजार में एसडीएम विश्वमित्र सिंह की अध्यक्षता में एक दिवसीय बाढ़ राहत शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने ग्राम प्रधानों, स्थानीय नाविकों, गोताखोरों और ग्रामीणों को बाढ़ बचाव के गुर सिखाए। जूनियर हाई स्कूल सूपा का निरीक्षण कर स्कूली बच्चों को बाढ़ सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक निर्मला शुक्ला मौजूद रहे।