-पथरा थाना क्षेत्र के बिलवट गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध हालात में झुलसा था युवक
- मायके में है पत्नी, बात की न गई पति के साथ, मां और भाई गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में करा रहे इलाज
- एक पखवाड़ा पहले डुमरियागंज क्षेत्र में महिला पर लगा है पति को जलाकर मारने का आरोप, हत्या के प्रयास में गई है जेल
भनवापुर। पथरा थाना क्षेत्र के बिलवट गांव निवासी मोहित यादव (30) की हालत बृहस्पतिवार को नाजुक बनी रही। वह जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। वहीं सात जन्मों का साथ निभाने का वादा कर साथ आई पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके में है। मां और भाई गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज करा रहे हैं। हादसे के बाद से ही न तो पत्नी उसके साथ गई और न ही उसका हालचाल ही जानने की कोशिश की वहीं, सास सुभावती ने बहू सुषमा पर बेटे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है।
पथरा थाना क्षेत्र के बिलवट गांव में मंगलवार की रात पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद संदिग्ध हालात में झुलसे पति मोहित की हालत गंभीर बनी हुई है। मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के आईसीयू वार्ड में मोहित एडमिट है। मां सुभावती, चाचा राधेश्याम यादव और भतीजा आदर्श यादव भी बीआरडी पहुंच गए हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक तहरीर नहीं दी गई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष पथरा अमित कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी है। गोरखपुर मेडिकल में दो सिपाहियों को पीड़ित के पास भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी के मायके पहुंचने पर भी सवाल
पति के झुलस जाने के बाद भी पत्नी का मायके चले जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से करीब 30 किमी दूरी पर स्थित कठेला थाना क्षेत्र के धोबहा गांव में पत्नी सुषमा का मायका है। हादसे के बाद रात में ही अकेले वहां पहुंच जाना लोगों के गले नहीं उतर रहा है। वहीं लोगों की मानें तो घटना के करीब 48 घंटे बाद भी पति को देखने के लिए अस्पताल तक न पहुंचना भी पत्नी की भूमिका पर सवालिया निशान लगा रहा है। हालांकि कि जब तक मोहित यादव पूरी तरह ठीक नहीं हो जाता या बयान नहीं देता है तब तक इस मामले में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
ये है मामला
पथरा थाना क्षेत्र के बिलवट गांव में मंगलवार को रात में भोजन के दौरान मोहित यादव (30) का उसकी पत्नी सुषमा के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद संदिग्ध हालात में मोहित बुरी तरह झुलस गया। झुलसे पति को गंभीर हालत में छोड़ कर रात में ही पत्नी कठेला थाना क्षेत्र के धोबहा गांव अपने मायके चली गई थी। मौके पर मौजूद लोगों के साथ भतीजा आदर्श उसे लेकर पहले सीएचसी बेवां पहुंचा, जहां से उसे बस्ती के कैली अस्पताल ले जाया गया। वहां से डाॅक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। बुधवार को देर रात उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं इस मामले में मोहित की मां ने सुभावती ने पत्नी सुषमा पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद मोहित को लेकर उसका भतीजा आदर्श गांव के एक व्यक्ति के साथ अस्पताल पहुंचा था। बृहस्पतिवार को उसकी मां सुभावती भी बेटे के पास अस्पताल पहुंच गई है।
एक पखवारा पहले हुई थी सनसनीखेज वारदात
एक पखवारा पहले 29 अक्तूबर को डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कूड़ी गांव में ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आ चुकी है। यहां भी एक महिला ने मामूली विवाद में पति पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया था। हादसे में पति को घर में बुलाने के बाद महिला ने पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया था। लगभग 36 घंटे चले इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। किसी व्यक्ति से संबंध को लेकर बार-बार तकरार होने की चर्चा थी। हालांकि, महिला ने पूछताछ में पति पर ही आरोप लगाया था कि शराब के नशे में आकर वह आए दिन उसको प्रताड़ित करता है, इसलिए उसने ऐसा घातक कदम उठाया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने महिला पर हत्या के मामले में केस दर्ज करके उसे जेल भेज दिया है।
प्रेमी को घर पर बुलाकर जलाकर मार डाला
खेसरहा थाना क्षेत्र के गांव में गांव के ही रहने वाली एक महिला से प्रेम करने वाले युवक को भी अपनी जिंदगी गंवानी पड़ी। पत्नी और बच्चे को छोड़कर विवाहित महिला को लेकर तीन साल तक मुंबई में रहने वाला युवक दीपावली में गांव आया था। इसके बाद भी वह उसे महिला के घर आता-जाता रहता था। छह नवंबर को महिला ने घर पर खाने के लिए बुलाया, उसके बाद वह आग से लिपटा हुआ बाहर आकर गिरा। बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस वारदात में पुलिस ने विवाहित महिला के अलावा उसके भाई और बहन पर हत्या का केस दर्ज कर लिया और उन्हें जेल भेज दिया था। लगातार इस प्रकार की घटनाओं का होना चिंता का विषय है।