सिद्धार्थनगर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सबसे अधिक खांसी, जुकाम और बुखार के मरीज पहुंचे।
कई मरीज कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। ऐसे मरीजों में टाइफाइड की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने खून की जांच कराने की सलाह दी। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया। अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाएं उपलब्ध रहीं और मरीजों को निशुल्क दवा दी गई। ढेबरुआ प्रतिनिधि के अनुसार, बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में 53 मरीज पहुंचे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकरहरा में 24, भुतहवा में 16 और मोहनकोला में 13 मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। बढ़नी पीएचसी के अधीक्षक डॉ. अविनाश चौधरी ने बताया कि मेले में आए सभी मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार और जरूरी परामर्श दिया गया। पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, जोगिया ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी बाजार में डॉ. वसीम अख्तर ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दीं। मेले में कुल 49 मरीज पहुंचे। डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार, नगर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेले में 18 मरीज पहुंचे। इनमें उल्टी-दस्त, डायरिया, जुकाम, खांसी, बुखार और पेट दर्द से पीड़ित मरीज शामिल रहे। बिस्कोहर प्रतिनिधि के अनुसार, स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 106 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 44 पुरुष और 62 महिलाएं शामिल रहीं। 67 पुराने और 39 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे।