सिद्धार्थनगर। 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा मामलों के ज्यादा से ज्यादा निस्तारण को लेकर बुधवार को प्री-ट्रायल बैठक हुई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अरविंद राय ने की।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शैलेंद्र नाथ सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मोटर दुर्घटना प्रतिकर से जुड़े मामलों में आपसी सहमति से समझौते की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
पीठासीन अधिकारी अरविंद राय ने कहा कि जिन मामलों में समझौते के जरिये निस्तारण की संभावना है, उन्हें आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कराने के लिए पक्षकारों और बीमा कंपनियों के अधिवक्ता सहयोग करें। बैठक में विवादित बिंदुओं, संभावित सेटलमेंट, बीमा कंपनी के दायित्व और आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि प्री-ट्रायल स्तर पर मामलों की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लेने से राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक दावों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निस्तारण कराया जा सकेगा। संबंधित पक्षकारों और बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं से 12 सितंबर को समय से उपस्थित होकर मामलों के निस्तारण में सहयोग करने की अपील की गई।