-राजकीय पुस्तकालय में कॅरियर काउंसलिंग और तनाव प्रबंधन आयोजित हुई कार्यशाला
सिद्धार्थनगर। किसी भी नौकरी का फाॅर्म भरने से पहले उसे हासिल करने के लिए सकारात्मक सोच की जरूरत होती है। लक्ष्य को आधार मानकर ही तैयारी शुरू करें। इससे निर्धारित लक्ष्य आसानी से प्राप्त होता है। यह बातें राजकीय पुस्तकालय में शुक्रवार को आयोजित कॅरियर काउंसलिंग एवं तनाव प्रबंधन कार्यशाला में न्यायालय सुरक्षा प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने कहीं।
उन्होंने कहा कि दरोगा की भर्ती में सफलता पाने के लिए परीक्षा के साथ ही फिजिकल तैयारी भी जरूरी हैं। कई बार अभ्यर्थी परीक्षा तो पास कर लेते हैं, लेकिन फिजिकली फिट नहीं होने से उन्हें दौड़ सहित अन्य क्षेत्र से बाहर कर दिया जाता है। ऐसे में किसी भी परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए सभी प्रकार के लक्ष्य को ध्यान में रखना जरूरी है। कहा कि आगामी दारोगा भर्ती की परीक्षा में आप सभी मेहनत से लग जाइए, यह बहुत बड़ा मौका है। आप सभी के लिए लिखित परीक्षा के साथ-साथ फिजिकल का भी प्रैक्टिस करते रहिए। हमेशा सकारात्मक सोचें सकारात्मक सोच हमें जल्दी सफलता की ओर ले जाता है और हमारा मन एकाग्र करता है।
कभी भी लक्ष्य से भटकना नहीं चाहिए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होना चाहिए। परीक्षा के दौरान तनाव मुक्त होना चाहिए। सभी लोग अधिक से अधिक पढ़ाई करें और पढ़ाई के साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। कार्यशाला का आयोजन पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ. भारद्वाज शुक्ल व डीसी लाइब्रेरी कृष्ण विहारी द्विवेदी के संचालन में किया गया। कार्यक्रम में 34 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए। इस दौरान विकास उपाध्याय, भूपेंद्र मिश्र उपस्थित रहे।