सिद्धार्थनगर। आरएसएस की ओर से शोहरतगढ़ में नौ अक्तूबर को आयोजित पथ संचलन का मार्ग बदलने के मामले में सीओ और एसओ शोहरतगढ़ को हटा दिया गया है। बता दें कि मार्ग बदलने से नाराज स्वयंसेवकों ने पथ संचलन स्थगित कर दिया था। एसपी ने नवीन कुमार सिंह को शोहरतगढ़ का थानेदार व बांसी के सीओ मयंक द्विवेदी को शोहरतगढ़ का सीओ बनाया है। वहीं सीओ सुजीत राय को बांसी का सीओ बनाया गया है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के मौके पर प्रथम चरण के कार्यक्रम के तहत दो से 15 अक्टूबर के बीच पथ संचलन किया जा रहा है। शोहरतगढ़ नगर में इसके लिए 29 सितंबर को अनुमति ली गई थी। इसके तहत नौ अक्तूबर को श्रीराम जानकी मंदिर से पथ संचलन निकलना था। अचानक संचलन निकलने के चंद घंटे पहले एसडीएम शोहरतगढ़ ने अनुमति आदेश बदल दिया। इसमें मार्ग बदलने के आदेश पर नाराज स्वयंसेवकों ने स्थानीय प्रशासन को दोषी ठहराते हुए संघ के उच्चाधिकारियों से शिकायत की और पथ संचलन स्थगित कर दिया था।
स्वयंसेवकों का कहना था कि संचलन पूर्व से तय मार्ग से ही निकलेगा। जबकि प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि संचलन बदले मार्ग से ही जाएगा। बताया जा रहा है कि मामले का सीएम कार्यालय ने संज्ञान लिया, जिसके बाद कार्रवाई हो गई। इसके बाद एसपी ने सीओ पवीन प्रकाश को एसपी कार्यालय से अटैच कर दिया है जबकि एसओ रहे संतोष कुमार तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि शोहरतगढ़ एसओ व सीओ को हटा दिया गया है। बांसी के सीओ मयंक द्विवेदी को शोहरतगढ़ का सीओ व नवीन कुमार सिंह को शोहरतगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है।