- पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने फहराया ध्वज, जिले के सभी थानों में भी मनाया गया पुलिस झंडा दिवस
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस में एसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
ध्वजारोहण के बाद एसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतीकात्मक पुलिस फ्लैग चिन्ह लगाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक की ओर से जारी संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। साथ ही राष्ट्रध्वज और पुलिस ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखें।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुलिस ध्वज के सम्मान और विभागीय दायित्वों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके अलावा जिले के सभी थानों में भी पुलिस झंडा दिवस मनाया गया।