सिद्धार्थनगर। हज-2027 के लिए उत्तर प्रदेश से आवेदन करने वाले 22,510 आवेदकों का चयन ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से कर लिया गया है। चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त तक प्रति यात्री 1,52,300 रुपये की पहली किस्त जमा करनी होगी। साथ ही निर्धारित दस्तावेज हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार अग्रवाल ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने 30 जुलाई को ऑनलाइन कुर्रा के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की। चयनित यात्रियों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है। इसके अलावा चयनित आवेदकों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करा दी गई है। सूची में कवर नंबर और बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित हैं, जिससे पहली किस्त जमा करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्री 10 अगस्त तक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अथवा भारतीय स्टेट बैंक में हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में 1,52,300 रुपये की पहली किस्त जमा कर सकते हैं।