- 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है समर्थन मूल्य, डीएम ने क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं के लिए दिए निर्देश
सिद्धार्थनगर। जिले में धान खरीद शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंडी नौगढ़ परिसर स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र पर खरीद का शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों को माला पहनाकर स्वागत किया और निर्धारित समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील की।
डीएम ने किसान लक्ष्मीकांत निवासी करनहां और रीता श्रीवास्तव निवासी हरदीहवा का माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद उनकी उपज की खरीद प्रक्रिया शुरू कराई। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि धान खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। किसानों को निर्धारित समय के भीतर भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। क्रय केंद्रों पर बैठने, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारियों का व्यवहार किसानों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।
इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। डीएम ने किसानों से अधिक से अधिक पंजीकरण कराकर समर्थन मूल्य पर धान बेचने की अपील की। उन्होंने बताया कि धान खरीद से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9565772025 जारी किया गया है। किसान इस नंबर पर सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी रमेश श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।