- तीन दिन तक काली पट्टी बांधकर जताया विरोध, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने की मांग
बांसी। रतन सेन डिग्री कॉलेज की शिक्षक इकाई ने लंबित मांगों को लेकर तीन दिनों तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। फुपुक्टा और सुआक्टा के प्रदेशव्यापी आह्वान पर बृहस्पतिवार को शिक्षकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी की अनुपलब्धता के कारण मांगपत्र उनके प्रतिनिधि को दिया गया।
महाविद्यालय शिक्षक संघ इकाई के महामंत्री डॉ. हंसराज कुशवाहा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल करने की मांग की गई। इसके अलावा शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, राज्य कर्मचारियों की भांति अनुदानित महाविद्यालयों के शिक्षकों को चिकित्सीय अवकाश देने तथा सेवाकाल में पीएचडी करने वाले शिक्षकों को वेतन वृद्धि और फीडर कैडर का लाभ देने की मांग उठाई गई।
शिक्षकों ने विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की व्यवस्था का भी विरोध किया। उनका कहना था कि इससे विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिक्षकों ने मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
इस दौरान विकास सिंह, मनीष कुमार भारती, देवेंद्र प्रसाद, सुआक्टा की महिला उपाध्यक्ष प्रो. किरन देवी, प्रो. शरीफुद्दीन आदि मौजूद रहे।