भनवापुर। स्थानीय ब्लाॅक सभागार में बुधवार को रोजगार सेवक और सचिवों की बैठक आयोजित की गई। बीडीओ विनोद मणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी सचिव व रोजगार सेवक गांवों में खुली बैठक के माध्यम से ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी के बारे में जागरूक करते हुए योजनाओं को हर पात्र लाभार्थी तक पहुंचाएं।
बीडीओ ने बताया कि मनरेगा का जगह लेने वाले विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) नया बिल पास किया गया है। पुरानी व्यवस्था में सौ दिन के रोजगार की गारंटी मिलती थी, जबकि नया बिल 125 दिनों के रोजगार की गारंटी देता है। इसका मुख्य उद्देश्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन को आसानी से हासिल करना है। बीडीओ विनोद मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस नए बिल में जल संरक्षण, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, जलवायु परिवर्तन से निपटने वाले कार्यों के साथ ही आजीविका से जुड़े कार्यों पर फोकस किया जाएगा। इसके अलावा मनरेगा के तहत मिलने वाले फायदों को भी बढ़ाया जाएगा। बीडीओ ने सभी सचिवों व रोजगार सेवकों को ग्राम पंचायतों में खुली बैठक कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान एपीओ अब्दुल क्यूम, नीरज मिश्र, सतीश शुक्ल, नीरज तिवारी, अजय यादव, नीरज उपाध्याय, जय कृष्ण ओझा आदि मौजूद रहे।