- दांग जिले के बेलझुंडी स्थित गोशाला में गाय तिहार पर हुआ आयोजन, दानदाताओं ने गायों के लिए की भोजन की व्यवस्था
खुनुवां। नेपाल में यमपंचक के तीसरे दिन सोमवार को गाय तिहार (गोपूजा) श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दांग जिले के बेलझुंडी स्थित गोशाला में 600 से अधिक गायों का सामूहिक पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
योगी आदित्यनाथ संस्था की ओर से संचालित गोशाला में आयोजित सामूहिक गोपूजन में स्थानीय लोगों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने गायों को तिलक लगाकर और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। फाउंडेशन के अध्यक्ष भोलानाथ योगी ने बताया कि हर वर्ष गाय तिहार के अवसर पर गोशाला में सामूहिक गोपूजन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मां लक्ष्मी की हवन-पूजा भी की गई।
कार्यक्रम के अवसर पर विभिन्न दानदाता गोशाला पहुंचे और गायों के लिए भोजन की व्यवस्था की। उन्होंने गोवंश के संरक्षण में सहयोग भी दिया। अध्यक्ष भोलानाथ योगी ने बताया कि विश्वविद्यालय की जमीन किराये पर लेकर गोशाला का संचालन किया जा रहा है। हालांकि, गोशाला में रह रहीं गायों और बैलों के लिए नियमित चारा और भोजन की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण है। दानदाताओं से मिलने वाले सहयोग के सहारे ही गोशाला का संचालन किया जा रहा है।