डुमरियागंज कस्बे के बैदौला में बांसी रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट का मामला
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज कस्बे के बैदौला में बांसी रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में मारपीट का मामला सामने आया है। परिवार के साथ भोजन कर रहे एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव निवासी फुरकान अहमद ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि 14 नवंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने परिवार के साथ रेस्टोरेंट में थे। इसी दौरान बस्ती के सोनहा थाना क्षेत्र के परसा कुतुब निवासी फिरदौस आलम अपने 6-7 अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोपित दो कारों से आए थे और उन्होंने बच्चों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। फुरकान के विरोध करने पर आरोपियों ने मारा-पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी।
फुरकान अहमद के शोर मचाने पर कुछ लोग मौके पर जुटने लगे। इसके बाद आरोपित वहां से भाग गए। पीड़ित ने तहरीर में बताया है कि घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज रेस्टोरेंट के कैमरों में कैद हो गया है।
सीओ बृजेश वर्मा ने जानकारी दी कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।