शोहरतगढ़। शारदीय नवरात्र के पहले दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की ओर से भक्तिभाव और उल्लास के साथ पंडालों में विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाएं प्रतिष्ठित की गईं। शंख व बाजे की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। नवरात्र के प्रथम दिन पर घर के मंदिरों की सफाई कर गौरी गणेश, मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के चित्र और नवग्रह की पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किया।
मां को लालफूल, सिंदूर, रोली, लाल चुंनरी, वस्त्र, फल मेवा आदि चढ़ाकर मां शैलपुत्री की आराधना की। मां के प्रभावशाली मंत्र श्री सूक्तम का पाठ कर सुख समृद्धि की कामना की। पंडित राम भेज मिश्रा ने कहा कि इस बार माता हाथी पर सवार होकर आईं हैं, ऐसे में कष्टों का निवारण होगा तथा सुख-शांति बनी रहेगी।
नगर पंचायत क्षेत्र के तिरंगा चौराहा, भारत माता चौक, गड़ाकुल आदि वार्डों के पंडालों में मां की प्रतिमाएं प्रतिष्ठित की गई। तिरंगा चौक के पास मां के आठवें स्वरूप काली की आकर्षक व भव्य प्रतिमा प्रतिष्ठित की गई जो आकर्षण का केंद्र रहीं। पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण के लिए मां जगदंबा से प्रार्थना की। आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
नए स्थल पर स्थापित प्रतिमा हटवाई : शोहरतगढ़ नगर पंचायत वार्ड 12 हनुमंत नगर निवासी बब्लू अग्रहरि ने अपने घर के सामने नए स्थान पर छोटी सी दुर्गा प्रतिमा बैठा दी। इस पर लोगों आपत्ति दर्ज कराते हुए इसकी सूचना एसडीएम विवेकानंद मिश्रा को दी।
थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी मय फोर्स के साथ पहुंच उक्त स्थान से दुर्गा प्रतिमा को हटवा दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि कोई भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी।त