डुमरियागंज। एसडीएम राजेश कुमार के आदेश के क्रम में बृहस्पतिवार को एक बड़े बकाएदार की जमीन कुर्क कर दी गई। बकाया वसूली की कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह की मौजूदगी में राजस्व व बैंक की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, एसीबी बैंक शाखा डुमरियागंज के बकाया 3,08,843.00 रुपये की वसूली के लिए एसडीएम डुमरियागंज द्वारा भूमि एवं अन्य अचल संपत्तियों की कुर्की (जब्ती) की स्वीकृति 15 नवंबर को प्रदान की गई थी। इसी क्रम में बकाएदार अवधेश कुमार श्रीवास्तव निवासी कोसीखुर्द बुजुर्ग, तहसील डुमरियागंज की भूमि पर कुर्की की कार्रवाई की गई।
संपत्ति ग्राम सरोथर कठौतिया, तप्पा-वैनिया, परगना रसूलपुर, तहसील डुमरियागंज स्थित है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कुर्क की गई संपत्ति का हस्तांतरण, बिक्री, दान अथवा किसी अन्य प्रकार से प्रभार अर्जन पूर्ण रूप से निषिद्ध और अवरुद्ध रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी कि अन्य देनदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी रहेगी। संवाद