सिद्धार्थनगर। थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर ने थाना खेसरहा में सुनवाई की। ज्यादातर भूमि विवाद और नाली से संबंधित मामले उनके समक्ष पहुंचे। उन्होंने समस्त राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा आदि के जो प्रकरण हैं, उनका मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण कराएं। किसी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिए कि दो दिन में मौके पर जाकर नाली का विवाद, चकमार्ग का विवाद और जमीन बंटवारा व अवैध कब्जा, पट्टा प्रकरणों को ग्रामवासियों का बयान लेकर निस्तारण सुनिश्चित कराएं। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल के साथ मौके पर जाएं। अधिकतम प्रकरणों को निस्तारण कराकर ही लौटे, प्रकरण लंबित कदापि न रखा जाए।