- कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने आजमाए दांव-पेच, विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले
चिल्हिया। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के धुसुरी उर्फ शंकरगढ़ में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला व मेले के अंतिम दिन बुधवार को कुश्ती प्रतियोगिता हुई। इसमें विभिन्न जनपदों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में सनई चौराहे के कमलेश पहलवान ने बनारस के संजय पहलवान को शिकस्त दी।
महराजगंज के रघुराज ने नौगढ़ के समरजीत यादव को पटखनी दी। अजगरा के श्रवण ने उसका बाजार के शिवम को हराया। नादेपार के चंदन सिंह ने अजगरा के आशीष यादव को शिकस्त दी। सनई चौराहे के दीपक ने सेखुवनिया के गुड्डू यादव को पराजित किया। उसका बाजार के अर्जुन यादव ने मुजरी के डीएन पहलवान को हराया।
नंदिनी नगर गोंडा के मोहित यादव ने उसका बाजार के आशीष को मात दी, जबकि रामपुर के मान सिंह ने बुटहिया के महंत पहलवान को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। अखाड़े में एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहलवानों की जोरदार भिड़ंत पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इससे पहले मंगलवार रात रामलीला के कलाकारों ने आकर्षक झांकियों का मंचन किया। इसे देखकर दर्शक भाव विभोर हो गए। देर रात तक चले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय दर्शक मौजूद रहे। पांच दिनों तक चले रामलीला व मेले का समापन धार्मिक और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ।