- डीएम ने डीआईओएस और एसडीएम को दिए निर्देश, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर दी चेतावनी
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण करने और जरूरी सुविधाओं की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र निर्धारित किए जाएं।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार को सभी प्रस्तावित विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जांच कराने को कहा। साथ ही सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विद्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में एडीएम न्यायिक डॉ. ज्ञान प्रकाश, एसडीएम नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती, शोहरतगढ़ रवीश कुमार गुप्ता, इटवा संदीप त्रिपाठी, सीओ सदर विश्वजीत सौरयान, डीआईओएस अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी और नोडल मौजूद रहे।