- किसानों को कालानमक धान बेचने में नहीं होनी चाहिए परेशानी, डीएम ने दिए निर्देश
- एफपीओ के माध्यम से किसानों से धान लेकर कराई जाएगी प्रोसेसिंग
सिद्धार्थनगर। कालानमक चावल को बेहतर बाजार और पहचान दिलाने के लिए कालानमक भवन को शोरूम की तरह विकसित किया जाएगा। यहां कालानमक चावल से बने उत्पादों को प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री की व्यवस्था भी की जाएगी।
यह निर्देश मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कालानमक राइस एक्सपोर्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को कालानमक धान की बिक्री में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसकी खरीद और विपणन की व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज बेचने में आसानी हो।
बैठक में उपकृषि निदेशक राजेश कुमार ने बताया कि कालानमक चावल की प्रोसेसिंग के लिए एफपीओ के माध्यम से किसानों से धान लिया जाएगा। इसके बाद एफपीओ की ओर से धान की प्रोसेसिंग कराई जाएगी। इससे कालानमक चावल के प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गणेश प्रसाद, संबंधित विभागों के अधिकारी और बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे।