- सहिजवार गांव में नौ दिवसीय रामलीला में दशरथ प्रतिज्ञा से वनगमन तक की लीला का हुआ मंचन
भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र के सहिजवार गांव में आयोजित नौ दिवसीय रामलीला में सोमवार रात रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने राजा दशरथ की प्रतिज्ञा से लेकर भगवान श्रीराम के वनगमन तक की लीला का सजीव चित्रण किया। भावपूर्ण मंचन देखकर दर्शक भावविभोर हो गए। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और देर रात तक मंचन का आनंद लिया।
रामलीला में कैकेयी-मंथरा संवाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंथरा के बहकावे में आकर रानी कैकेयी ने राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगे। इनमें भरत के लिए राजगद्दी और भगवान श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास शामिल था। कलाकारों ने इस प्रसंग को प्रभावशाली संवाद और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इसके बाद पिता के वचन की मर्यादा रखने के लिए भगवान श्रीराम ने सहर्ष वन जाने का निर्णय लिया। माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ उनके वनगमन के मार्मिक दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस दौरान डॉ. रामप्रताप चौधरी, रामजीत यादव, उत्तम प्रसाद, अजीत चौधरी, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और रामलीला प्रेमी मौजूद रहे।