- ऐतिहासिक मेले में उमड़े 50 हजार से अधिक लोग, 100 साल से अधिक पुरानी है मेले की परंपरा
- रावण वध और भेड़ा लड़ाने का आयोजन रहा आकर्षण
सकारपार। खेसरहा क्षेत्र के महुलानी स्थित रामजानकी मंदिर एवं समाधि बाबा स्थल पर मंगलवार को द्वितीया तिथि के अवसर पर ऐतिहासिक मेले का आयोजन हुआ। मेले में क्षेत्र के साथ संतकबीरनगर, महराजगंज और बस्ती समेत आसपास के जनपदों से 50 हजार से अधिक लोग पहुंचे। रामलीला में रावण वध और पारंपरिक भेड़ा लड़ाने का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।
महुलानी के इस मेले की परंपरा 100 वर्ष से अधिक पुरानी बताई जाती है। इसकी शुरुआत कोटिया पांडेय निवासी हीरा पांडेय के पूर्वजों ने की थी। पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही इस परंपरा का आज भी उत्साह के साथ निर्वहन किया जा रहा है। समय के साथ मेले का विस्तार हुआ और इसकी पहचान आसपास के जनपदों तक पहुंच गई।
मेले में आयोजित रामलीला के दौरान रावण वध का मंचन किया गया। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। मिठाई, खिलौने, झूले, सजावटी सामान और बांस की लाठियों की दुकानें भी सजी रहीं। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया तो लोगों ने जमकर खरीदारी की। ग्रामीणों की ओर से पारंपरिक भेड़ा लड़ाने का आयोजन भी किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों में खास उत्साह रहा।
आयोजक हीरा पांडेय के साथ अमरेंद्र पाल, प्रिंस शर्मा, केशभान राय, प्रदीप पांडेय, रामबेलास, उपेंद्र और विजय राय सहित अन्य लोग व्यवस्था में जुटे रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नायब तहसीलदार महमूद अली, खेसरहा थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र और सकारपार चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ल भी मौजूद रहे।