शोहरतगढ़। नवरात्र और दशहरा पर्व की पवित्रता बनाए रखने के लिए एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान नगर के सभी मांस-मछली विक्रेताओं को निर्देश देते हुए कहा कि मूर्ति विसर्जन तक कोई भी व्यक्ति मांस-मछली की दुकानें नहीं लगाई जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास मांस मछली की दुकानों को बंद रखने के सख्त निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छोटी-छोटी बातों पर विवाद न करें। नगर की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस बूथ से डोई मंदिर तक मूर्ति विसर्जन मार्ग के गड्ढों को भरकर ठीक कराने के लिए ईओ सचिन कुमार व लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया।
कहा कि विसर्जन से पहले सड़क का मरम्मत अवश्य करवा दें। पूजा पंडाल के सदस्यों से कहा कि शाॅर्ट सर्किट व आग की घटनाओं को रोकने के लिए सभी पंडालों के पास आठ-दस बोरी में बालू भरकर रखें। किसी ने भी तेज आवाज में साउंड व डीजे तथा अश्लील गीत बजाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।